- श्रमिकों को सस्ती सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास, रोजगार और औद्योगिक विकास पर भी हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (आईआईएएफ) की ओर से शनिवार को सूरजकुंड स्थित ताज सूरजकुंड रिजॉर्ट एंड स्पा में आईएमटीएन कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 30 उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन की 10 रुपये की मुहिम प्रमुख रूप से चर्चा में रही। इसके तहत श्रमिकों और जरूरतमंदों को कम खर्च में भोजन, कपड़े, चिकित्सा और परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
आईआईएएफ के प्रधान प्रमोद राणा ने संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिक कल्याण और सामाजिक जिम्मेदारी भी एसोसिएशन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आईएमटी क्षेत्र में श्रमिकों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए 10 रुपये के किराये पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य श्रमिकों को किफायती परिवहन उपलब्ध कराना है।
स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में विनिर्माण, स्टील, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, चिकित्सा उपकरण और औद्योगिक उपकरणों सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योगपतियों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रमोद राणा ने बताया कि आईएमटी इंडस्ट्रियल एक्सपो के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को अपने उत्पादों और तकनीक का प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, एसोसिएशन जॉब पोर्टल और शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है।
बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं दूर करने का प्रयास
राणा ने कहा कि आईएमटी क्षेत्र में बिजली, सड़क और जल निकासी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित सरकारी विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। एसोसिएशन का उद्देश्य उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के साथ श्रमिकों की सुविधाओं में सुधार करना भी है। कार्यक्रम के समापन पर महासचिव रश्मि सिंह ने अतिथियों और उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।