साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़े आरोपी
4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्रिप्टो करंसी में निवेश के नाम पर 75.69 लाख रुपये की ठगी में 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मध्यप्रदेश के राजगढ़ के रहने वाले रामबाबू दांगी (20), रामपाल पंवार (21) व देवकरण गुर्जर (20) शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि रामपाल पंवार व देवकरण गुर्जर खाताधारक हैं। इन्होंने अपना खाता आगे रामबाबू दांगी को दिया था। रामपाल के बैंक खाते में 1.65 लाख रुपये व देवकरण गुर्जर के खाते में 2 लाख रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी दोस्त हैं व बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-35 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 26 दिसंबर 2025 को उन्होंने फेसबुक पर सर्फिंग करते हुए क्रिप्टो करंसी में निवेश बारे एक विज्ञापन देखा। इस पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गए। वहां एक लिंक के द्वारा ठगों ने शिकायतकर्ता का क्रिप्टो करंसी में निवेश के नाम पर खाता खोला। इसके बाद 27 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 के दौरान निवेश के नाम पर 7569041 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।