अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित आरपीएस पाम्स सोसाइटी निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 2 लाख 90 हजार 400 रुपये ठग लिए। ठगी का तरीका बेहद शातिर था, जिसमें ठगों ने जापान में काम कर रहे उनके दोस्त का नाम इस्तेमाल किया।
पीड़ित के अनुसार 14 नवंबर को उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला, जिसमें उनके दोस्त ने भारत में अपनी चाची के लिए उपहार खरीदने में मदद मांगी। जानकार समझकर पीड़ित ने यूपीआई के जरिए राशि ट्रांसफर कर दी।
बाद में जब पैसे लौटाने की बात हुई तो असली दोस्त ने किसी भी तरह की मांग से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। साइबर थाना सेंट्रल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो