- 298 शिकायतों के निस्तारण का पुलिस ने किया दावा
- 15 लाख रुपये आरोपियों से किए गए बरामद, 83,5420 रुपये खातों में कराए गए फ्रीज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर थानों की पुलिस टीमों ने एक सप्ताह के दौरान साइबर ठगी करने के आरोप में 28 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 15 लाख रुपये बरामद किए हैं। साथ ही 83,5420 रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने 298 शिकायतों के निस्तारण का दावा किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि 14 से 20 जून के दौरान साइबर क्राइम थाना सेंट्रल व बल्लभगढ़ की टीम ने 3-3 मामलों की जांच करते हुए इन 28 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस प्रवक्ता ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि साइबर ठग निवेश के लिए सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से लोगों को मैसेज/लिंक भेजकर संपर्क करते हैं। उन्हें ज्यादा रिटर्न का झांसा देकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर शेयर बाजार में निवेश करवाते हैं। शुरुआत में छोटी राशि पर 1-2 बार रिटर्न देकर अपना विश्वास जीतते हैं। फिर ज्यादा पैसा लगाने तथा पहले से ज्यादा रिटर्न का दावा करते हैं। अगर आपके साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। इसके अलावा ऑनलाइन वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत करें या संबंधित साइबर थाना में लिखित शिकायत दें। जागरूक बनकर ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है।