15 जुलाई से 20 अक्तूबर के दौरान रुपये कराए ट्रांसफर, साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर फरीदाबाद के एक कारोबारी से 2.61 करोड़ रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने खुद को नामी शेयर ब्रोकरेज कंपनी का कर्मचारी बताया। इंस्टाग्राम पर दिखे लिंक के जरिये शिकायतकर्ता ठगों के संपर्क में आए। 15 जुलाई से 20 अक्तूबर के दौरान आरोपियों ने ये रकम निवेश के नाम पर ट्रांसफर कराई। बाद में रिफंड मांगा तो अलग-अलग चार्ज व टैक्स के नाम पर और रुपये मांगने लगे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
ठगी को लेकर पुलिस को यह शिकायत अमर नगर इलाके के रहने वाले कारोबारी ने दी है। इनका कहना है कि 13 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक लिंक आया जो शेयर बाजार ब्रोकरेज की नामी कंपनी के नाम जैसा मिलता-जुलता था। लिंक पर क्लिक किया तो इन्हें व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज में शेयर ब्रोकरेज कंपनी के चीफ एनालिस्ट का नाम व अन्य डिटेल थी। ट्रेडिंग की पूरी जानकारी न होने के चलते शिकायतकर्ता ने 14 जुलाई को उसी नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज कर जानकारी हासिल करने के लिए लिखा। इसके बाद इन्हें सुझाव दिए जाने लगे।
आरोप है कि 14 जुलाई को ही लिंक के जरिये एक फॉर्म भेजा और भरने को कहा। बाद में इनकी ईमेल पर भी कंफर्मेशन आई। आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन कराकर लॉगिन आईडी बना दी। बाद में आईआईआईएफएल नाम से बने व्हाट्सएप ग्रुप में इन्हें जोड़ दिया गया और ग्रुप में 200 से अधिक सदस्य थे। शेयर खरीदने की डिटेल व कोड ग्रुप में दी जाने लगी। 15 जुलाई से 20 अक्तूबर तक शिकायतकर्ता की 5-6 अलग-अलग नंबरों पर बात हुई। शिकायतकर्ता से शेयर ट्रेडिंग, आईपीओ व अन्य निवेश के नाम पर बैंक खातों की डिटेल भेजकर 26115000 रुपये निवेश करा लिए। शिकायतकर्ता ने रिफंड के लिए कहा तो आरोपी अलग-अलग तरह के टैक्स व अन्य शुल्क के नाम पर और रुपये मांगने लगे। तब ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।