- दुकानदार के आत्महत्या के प्रयास करने के बाद हुआ मामले का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑनलाइन बिजनेस में मोटे मुनाफे का झांसा देकर कुछ लोगों ने जवाहर काॅलोनी निवासी एक दुकानदार से 25 लाख रुपये ठग लिए। कंगाल होने के बाद पीड़ित को पता लगा कारोबार में नहीं बल्कि सट्टे में पैसे लगा रहा था। परेशान होकर दुकानदार ने आत्महत्या करने की कोशिश की। परिवार के लोगों ने समय रहते कारोबारी को बचा लिया, तब जाकर परिजनों को मामले के बारे में पता लगा। पुलिस ने पीड़ित की बहन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-52 निवासी गुंजन रानी ने पुलिस को बताया भाई अमन का किराने का काम है। कुछ दिन पहले अमन कुमार ने आत्महत्या की कोशिश की थी। किसी तरह परिवार के लोगों ने समय रहते हुए बचा लिया। मां ने अमन को समझाते हुए काफी देर कर बातचीत की तो सामने आया कि जून 2022 में न्यू जनता काॅलोनी निवासी नोनू भाटिया उसकी दुकान पर आया था। नोनू ने उसे एक ऑनलाइन बिजनेस के बारे में बताया। रूचि दिखाने के बाद नोनू ने यश अरोड़ा नाम के युवक को भी बुला लिया। दोनों ने अमन को ऑनलाइन बिजनेस में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। वह उनकी बातों में आ गया। इसके बाद आरोपियों ने अमन के मोबाइल में एक एप डाउनलोड कराया और उसमें पैसा लगवाना शुरू कर दिया। करीब एक साल तक आरोपियों ने ने धीरे-धीरे कर उससे 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। रकम को पूरा करने के लिए पीड़ित ने घर के सारे आभूषण बेच डाले। अमन की मां ने एक प्लाॅट बेचकर आठ लाख रुपये घर में रखे थे। इस पैसे को वह घर के काम में खर्च करना चाहती थी। पूरी तरह से कंगाल होने के बाद अमन को पता लगा कि आरोपी किसी बिजनेस में नहीं, बल्कि आनलाइन सट्टे में पैसा उड़ा रहे हैं।
सारन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
छह लाख के तुरंत मुनाफे का फिर दे रहे थे लालच
अमन ने आरोपियों से और पैसे लगाने के लिए मना कर दिया। आरोपियों ने उसे छह लाख का तुरंत मुनाफे का लालच दिया और पैसों का इंतजाम करने के लिए कहा। पूरी तरह से कंगाल अमन ने पैसों का इंतजाम करने से मना करते हुए अपने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए। इस पर आरोपियों ने अमन को अपनी पुलिस और राजनीति में जान-पहचान की धौंस देते हुए जान से मारने की धमकी दी।