फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के गांव मिर्जापुर में बिजली निगम के वाहन की चपेट में आने से 25 दिन के एक कुत्ते की मौत हो गई। शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 10 निवासी पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट की प्रीति दुबे ने बताया कि गांव मिर्जापुर स्थित विजिलेंस कार्यालय के पास करीब 25 दिन पहले एक कुत्ते ने जन्म लिया था। वह कार्यालय के पास ही रहता था। बृहस्पतिवार को विजिलेंस विभाग से बिजली निगम की गाड़ी निकली।
इस दौरान चालक की लापरवाही की वजह से कुत्ता वाहन के नीचे आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 25 दिने के कुत्ते की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके से वाहन को लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना कार्यालय के पास मौजूद लोगों ने उनको फोन कर दी।
जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंच कर थाना सदर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गाड़ी को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को कुत्तों के लिए इंतजाम करना चाहिए। कई बार लोगों को कुत्ते काट लेते हैं। इससे लोगों को परेशानी होती है। ऐसे में कुत्तों के लिए शेल्टर होम का प्रावधान किया जाएगा।