एयर स्ट्राइक : सीमा पर तनाव, शहर में हाई अलर्ट
फरीदाबाद। कश्मीर में सीमा पर तनाव के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने भी मेट्रो स्टेशनों पर हाई अलर्ट घोषित किया है। इसके तहत मेट्रो स्टेशन नियंत्रकों को पूरे स्टेशन को हर दो घंटे में चेक करना होगा। मेट्रो स्टेशनों पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को भी सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर भी राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मुस्तैद हैं। वहीं जिला पुलिस ने भी फरीदाबाद से गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट को जाने वाले रोड पर कई जगह नाकेबंदी की गई है।
मंगलवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी संगठनों पर भारतीय वायु सेना के हमले और बुधवार को भारत की सीमा में पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान घुस आने के बाद से देश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया। इसके कारण मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। डीएमआरसी प्रवक्ता हिमांशु शर्मा ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के अनुसार, समूचे मेट्रो नेटवर्क में बुधवार शाम 6 बजे से रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि सभी स्टेशनों के नियंत्रकों को समूचे स्टेशन परिसर की हर दो घंटे में जांच करने के आदेश दिए गए हैं, जिससे किसी भी संदिग्ध वस्तु और गतिविधि का पता लग सके। जांच के बाद उन्हें अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजनी है।
पूछताछ में संतुष्टि पर ही छोड़ने का आदेश
सीआईएसएफ को सतर्क रहने को कहा कि गया है। वे भी हर थोड़ी-थोड़ी देर में मेट्रो स्टेशन के अलावा पार्किंग व अन्य क्षेत्रों को जांच रहे हैं। इस दौरान उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो उससे पूछताछ करने के बाद संतुष्टि होने पर ही छोड़ा जाता है।
एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी
सीमा पर बढ़े तनाव के बाद जिला पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के साथ नाकेबंदी के भी आदेश दिए हैं। इसी के तहत फरीदाबाद से गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट को जाने वाले रास्ते पर भी कड़ी नाकेबंदी की गई है। सूरजकुंड की ओर से अनखीर, एमवीएन चौक नाका, पाली चौक, मांगर चौक सहित कई स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। इसी तरह सैनिक कॉलोनी से गुरुग्राम होकर जाने वाले रास्तों पर भी नाकेबंदी की गई है। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की हो रही जांच
मेट्रो स्टेशनों के अलावा ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की जांच की जा रही है। स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। स्टेशन पर संदिग्ध दिखने वाले लोगों के सामान की जांच के साथ उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही लंबी दूरी की ट्रेनों को भी चेक किया जा रहा है।