फरीदाबाद। थर्ड पार्टी टेस्ट के माध्यम से जिले के फरीदाबाद खंड में शुक्रवार को सक्षम घोषणा परीक्षा ली जाएगी। रैंडम सैंपलिंग के माध्यम से चुने गए खंड के 40 स्कूलों में कक्षा 3, 5 और 7 के विद्यार्थी हिंदी और गणित की परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए 40 केंद्रों पर बल्लभगढ़ ब्लॉक के 60 प्रधानाचार्यों को पर्यवेक्षक के तौर पर तैनात किया गया है। परीक्षा के लिहाज से तीनों कक्षाओं के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
परीक्षा की बारीकियां समझाने के लिए अध्यापकों की दो स्तरीय ट्रेनिंग कराई गई। ट्रेनिंग में करीब 60 वोकेशनल अध्यापक, 38 छात्र अध्यापक और 60 पर्यवेक्षकों की खास ट्रेनिंग कराई गई। ट्रेनिंग के दौरान छात्रों को ओएमआर शीट भरवाने की प्रेक्टिस और समय सीमा संबंधित बातें साझा की गई। दो स्तरीय ट्रेनिंग करा कर परीक्षकों को नकल रहित परीक्षा कराने के विशेष निर्देश दिए गए। ट्रेनिंग में जिला शिक्षण एवं ट्रेनिंग संस्थान (डाइट) से जलवंत सिंह और अनिल यादव के साथ जिला प्रोजेक्ट सहायक सतेंद्र सिंह, दीपेंद्र चौहान और जयसिंह शेखावत ने संबंधित बारीकियों को साझा किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सतेंद्र कौर, एसडीएम सतवीर मान और जिला प्रोजेक्ट अधिकारी अनीता शर्मा मौजूद रही।
इसलिए अहम है सक्षम घोषणा की परीक्षा
रैंडम सैंपलिंग के माध्यम से चुने गए स्कूलों को सक्षम परीक्षा परिणाम में 60 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने होंगे। इसके बाद परीक्षा के लिए चुने गए खंड को सक्षम यानी माध्यमिक स्तर की शिक्षा को कारगर माना जाएगा। सक्षम घोषणा के बाद माना जा सकेगा कि जिले के सक्षम घोषित खंड माध्यमिक कक्षा के 80 फीसदी विद्यार्थी 50 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने के योग्य हैं।
कोट
सक्षम परीक्षा के लिए पूरा विभाग दिनरात मेहनत कर रहा है। फरीदाबाद खंड के बाद बल्लभगढ़ खंड की परीक्षा भी प्रस्तावित है। दो महीने में परीक्षा परिणाम आने का अनुमान है।
- सतेंद्र कौर, जिला शिक्षा अधिकारी