21 रोगी नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डेंगू के मरीजों में तेजी से प्लेटलेट्स की कमी हो रही है। जिला ब्लड बैंक में इस वक्त हर दिन ऐसे मरीजों के लिए प्लेटलेट्स की मांग आ रही है। फिलहाल जिला ब्लड बैंक में 205 यूनिट के करीब ब्लड यूनिट उपलब्ध है। इसमें नेगेटिव ब्लड यूनिट की संख्या 19 है। हालांकि, नेगेटिव ब्लड वाले मरीजों की संख्या कम है। शनिवार को भी जिले में तीन नए डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई। इस समय 21 मरीज नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
डेंगू मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इसके लिए आगामी दिनों में पड़ने वाली रक्त की मांग को देखते हुए विभाग इस माह 12 से अधिक रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। प्रयास है कि प्लेटलेट्स की कमी न पड़े। इसके लिए मरीजों को प्लेटलेट्स के साथ डोनर लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही नए सिरे से रक्तदान के लिए शिविर लगाने की योजना तैयार की गई है। जिले में अब तक 92 डेंगू मरीज मिले हैं। फिलहाल 22 उपचाराधीन हैं। एक का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। शेष 21 मरीजों को नागरिक अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। जिला डेंगू व मलेरिया रोकथाम विभाग प्रभारी डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। इसके लिए नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग मिलकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।