मतदान का महत्व बताओ और जीता 31 हजार रुपये
फरीदाबाद। प्रदेश के युवाओं को वोट बनवाने और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से राज्य के युवाओं को पत्र-लेखन प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है। प्रतिभागी 12 अप्रैल तक अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवाओं को विभिन्न श्रेणियों में 500 से लेकर 31 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस मामले में जानकारी देते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल द्विवेदी ने बताया कि उक्त पत्र-लेखन प्रतियोगिता में हरियाणा के वह युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष या इससे अधिक है, मगर 25 वर्ष से अधिक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जरूरी है कि प्रतिभागी ने विधानसभा की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा लिया हो।
क्या करना है
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगी को पत्र में अपना मत प्रकट करना है कि मतदाता के रूप में पंजीकरण और लोकसभा व विधानसभा के चुनावों में मतदान करने का क्या महत्व है। पत्र में लिखने वाले का चुनाव में मतदान करने का संकल्प भी व्यक्त होना चाहिए। पत्र संक्षिप्त व सुलेखित होना चाहिए। प्रतियोगी अपना पत्र पोस्टकार्ड या अंतर्देशीयपत्र पर लिखकर उसके नीचे अपना नाम, पता, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, संख्या, मतदान सूची की भाग संख्या व मतदाता क्रमांक लिखकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा, तीसरी मंजिल, 30 बेज बिल्डिंग, सेक्टर 17 चंडीगढ़ के पते पर भेज सकता है। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार व तृतीय पुरस्कार की राशि 11 हजार दो प्रतिभागियों को दी जाएगी। इसके साथ ही पांच सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि 30 चुने हुए विजेताओं को दी जाएगी।