जिले में टॉपर छात्रों के बारे में शिक्षा विभाग को नहीं कोई जानकारी
फरीदाबाद। सोमवार को जारी हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा परिणाम में जिले में टॉपर छात्रों के बारे में शिक्षा विभाग को मंगलवार को भी कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, स्कूल में शानदार परिणाम आने पर स्कूलों का नाम रोशन करने वाले छात्रों को उनके स्कूल में मंगलवार को मिठाई खिलाकर और फूल मालाओं से उनको सम्मानित किया गया।
शानदार रहा सर्वोदय हाईस्कूल का परिणाम
सीही, सेक्टर-आठ स्थित सर्वोदय हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। स्कूल की मुख्य अध्यापिका कांता तेवतिया ने बताया कि 20 छात्रों ने वरीयता सूची में स्थान प्राप्त किया है। इनमें अपर्णा ने 500 में से 460 अंक के साथ स्कूल में प्रथम, कौशल ने 456 अंक के साथ द्वितीय और लक्ष्य ने 455 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। स्कूल के प्रबंधक देवकृष्ण तेवतिया ने शानदार परिणाम के लिए स्कूल स्टाफ सहित बच्चों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है।
बच्चों की लगन से आया अच्छा परिणाम
नंगला एंक्लेव स्थित शिव शक्ति विद्या मंदिर हाईस्कूल की छात्रा रूबल शर्मा ने 395 अंक, प्राची ने 391, काजल ने 391, अमन ने 378, निशा ने 364 और रवि ने ने 330 अंक प्राप्त कर स्कूल व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। स्कूल के चेयरमैन झम्मन लाल शर्मा, मुख्य अध्यापिका अनीता ने सभी बच्चों को मिठाई खिलाकर व फूल-माला से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की लगन, टीचरों की मेहनत व अभिभावकों के सहयोग से ही अच्छा परिणाम आया है। चेयरमैन ने बताया कि बच्चों के अच्छे परीक्षा परिणाम की खुशी में स्कूल में 23 मई को रामायण पाठ और 24 मई को भंडारे का आयोजन स्कूल परिसर में किया जाएगा।
आठ बच्चों ने मेरिट में बनाई जगह
बसेलवा कॉलोनी स्थित मोहन ऋषि स्कूल का दसवीं का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तरह इस बार भी काफी अच्छा रहा। स्कूल की मुख्य अध्यापिका रुचि शर्मा ने बताया कि स्कूल के छात्र भास्कर और रितु ने 453-453 अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया है। मनीषा ने 432 अंक के साथ दूसरा और मोहन ने 427 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। स्कूल के आठ बच्चों ने मेरिट में और 23 बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
एचसी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी दसवीं कक्षा के परिणाम में गांव मंझावली स्थित एचसी पब्लिक स्कूल के 5 छात्रों ने मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। जबकि 32 बच्चों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की है। सलोनी शर्मा ने 448 अंक लेकर स्कूल में प्रथम, भावना शर्मा ने 434 अंक लेकर दूसरा और कोमल ने 426 अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रधानाचार्य दयाचंद शर्मा ने सभी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ब्यूरो
सैनिक पब्लिक स्कूल का परिणाम रहा बेहतरीन
बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव स्थित सैनिक पब्लिक स्कूल की दसवी कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहतरीन रहा। कुमारी भूमिका ने विद्यालय में प्रथम स्थान, जुगल आनंद ने दूसरा और तीसरे स्थान पर आयुषी रही। जबकि 8 छात्रों ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया। 15 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में दसवी की परीक्षा पास की। स्कूल के चेयरमैन सिंघराज अधाना, निदेशक उधम सिंह अधाना व प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई दी व भविष्य में कठिन परिश्रम करके अग्रसर होने की कामना की।