वार्डों के अनुसार केंद्रों का विभाजन, प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कीं तैयारियां
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खंड तिगांव की ग्राम पंचायत साहूपुरा खादर में सरपंच पद के लिए मतदान केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि मतदान प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे किए जा रहे हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियमावली, 1994 के तहत गांव में कुल दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों का निर्धारण इस तरह किया गया है कि सभी वार्डों के मतदाता बिना असुविधा के आसानी से मतदान कर सकें।
जारी सूची के अनुसार पहला मतदान केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अरुआ के दाएं कक्ष में स्थापित किया गया है। यहां वार्ड संख्या-1, 2, 3 और 4 के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं दूसरा मतदान केंद्र इसी विद्यालय के बाएं कक्ष में बनाया गया है जहां वार्ड संख्या 5, 6, 7 और 8 के मतदाता मतदान करेंगे।
दोनों मतदान केंद्र पंचायत समिति वार्ड संख्या-12 और जिला परिषद वार्ड संख्या-7 के अंतर्गत आते हैं जिससे प्रशासनिक समन्वय और निगरानी में सुविधा रहेगी। स्थानीय स्तर पर यह व्यवस्था इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे मतदाताओं की भीड़ को नियंत्रित करने और मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।