नर्सों ने सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन
फरीदाबाद। नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लिए बैठक का आयोजन किया। सोमवार सुबह बैठक के बाद उन्होंने सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. बीर सिंह सहरावत को ज्ञापन सौंपा। नर्सिंग स्टाफ ने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो 10 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। एसोसिएशन की प्रधान सुनिता मदान ने बताया कि सिविल अस्पताल बीके में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ कई माह से मांगे लंबित पड़ी है। जिन्हें लेकर उन्होंने पिछले दिनों अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके सरकार ने उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया। बार-बार प्रदर्शन व मीटिंग करने के बाद भी सरकार हमारी मांगों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। हमें केवल आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला है, जिससे नर्सिंग स्टाफ में काफी रोष है। अभी तक हमने केवल काले बिल्ले लगाकर या फिर दो घंटे तक गेट मीटिंग कर अपना विरोध दर्ज कराया है, लेकिन सरकार की बेरुखी को देखते हुए अब हमने अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सभी नर्सिंग स्टाफ 10 अक्टूबर से अनिश्चित हड़ताल पर चला जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होंगी, जिसका जिम्मेवार अस्पताल प्रबंधन व सरकार खुद होगी। इस अवसर मोनिका, अंजू, सुनिता गुप्ता, ऊषा मुंजाल, वीना चोपड़ा, निधि, सुषमा सहित अनेक नर्सिंग स्टाफ मौजूद था। ब्यूरो