साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-62 निवासी व्यक्ति को कॉल कर ठगों ने 7 रुपये का पानी बिल बकाया बताकर पेमेंट के बहाने 1.85 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के मोबाइल में एप डाउनलोड कराई और फिर लिंक भेजकर एप पर लॉगिन कराया। जिसके बाद शिकायतकर्ता के 2 बैंक खातों से 1.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को ये शिकायत बल्लभगढ़ सेक्टर-62 के रहने वाले रमेश ने दी है। इनका कहना है कि 12 मई को ये घर पर थे तो एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एचएसवीपी हुडा जल बोर्ड का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपके बिल के 7 रुपये बकाया है। फिर लिंक देकर जल बोर्ड नाम से एप इंस्टाल करवाई। आरोपी ने कहा कि बिल अपडेट करने के लिए ये जरूरी है। आरोपी ने लिंक देकर एप पर लॉगिन करने को कहा, लेकिन ये करते ही शिकायतकर्ता के दो बैंक खातों से रुपये कटने लगे। आरोप है कि मोबाइल हैक कर ये ठगी की गई। आरोपियों ने 3 ट्रांजेक्शन में कुल 1.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।