तिगांव के कांग्रेसी विधायक ललित नागर ने रविवार को पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में केंद्र और प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। सेहतपुर में लोगों ने एकत्रित होकर जोरदार जुलूस निकाला। विधायक का साथ देने के लिए वहां मौजूद लोग भी अर्द्धनग्न हो प्रदर्शन किया।
करीब तीन किलोमीटर तक पदयात्रा करते हुए विधायक और उनके समर्थक पल्ला चौक पहुंचे, जहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी की। केंद्र-प्रदेश सरकार के खिलाफ एकजुट हुए लोगों ने ‘नहीं चाहिए मोदी के अच्छे दिन, हमें लौटा दो पुराने दिन’ का जुमला छोड़ते हुए नारेबाजी की।
इसके साथ ही महंगी बिजली, महंगा तेल-मोदी तेरी नीति फेल और जब से हुई नोटों की बंदी, पूरे देश में छा गई मंदी जैसे नारे लगाए गए। विधायक ने भैंसा-बुग्गी पर मोटरसाइकिल खड़ी करके उस पर सवार होकर अपना विरोध दर्ज कराया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मोदी द्वारा लाए गए अच्छे दिनों ने आज आम गरीब जनता की जान ही निकाल दी है।
प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। हालात ऐसे हो गए है कि आम गरीब जनता दो जून की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने अर्धनग्र प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा सरकार में बैठे हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ व हरियाणा भाजपा के आलाकमान सुभाष बराला सहित उन सभी भाजपाइयों को आइना दिखाने का काम किया है।
क्योंकि सत्ता लोलुप इन्हीं नेताओं ने कांग्रेस सरकार के दौरान पेट्रोल करीब 60 रुपये प्रति लीटर, डीजल 45 रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस सिलेंडर मात्र 380 रुपये होने पर अर्धनग्र होकर प्रदर्शन किया था। आज जब डीजल, पेट्रोल और गैस के दाम आसमान छू रहे हैं तब भाजपा के यह नेता कहां छिपे बैठे हैं। इस मौके पर शंकर, देविंदर तोंगर, सुखराज अवाना, सतपाल दायमा, चंदन, रतनपाल, महेश नागर, विनोद, कंवरलाल नागर, जगबीर, धीरज और बलराज सरधना आदि मौजूद रहे।