जलभराव से नाराजगी; जेई का पुतला उलटा लटकाया, प्रदर्शन
- घटिया निर्माण सामग्री के कारण सड़क धंसने का आरोप
- निगम प्रशासन ने आननफानन सड़क से पानी हटवाया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रामायण बाग से पंचकुईया सड़क पर जलभराव की समस्या से परेशान एनआईटी दो ई ब्लॉक के लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने नगर निगम के स्थानीय जूनियर इंजीनियर के पुतले को उल्टा टांग कर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने पर निगम प्रशासन ने आननफानन टैंकर भेज कर सड़क का पानी साफ करवाया।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे फरीदाबाद व्यापार मंच के प्रधान मानक चंद भाटिया ने बताया कि यह सड़क अप्रैल 2017 में बनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण के समय ही व्यापार मंच ने इसका विरोध किया था, क्योंकि इसमें घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी। उस समय भी निगम अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजा सामने है कि डेढ़ साल में ही यह सड़क धंस गई। थोड़ी सी बरसात में यहां जलभराव हो जाता है। इसकी शिकायत की गई तो नगर निगम के जूनियर इंजीनियर सचदेवा ने जांच और सड़क को ठीक करवाने का आश्वासन दिया था। अभी तक न तो जांच हुई और न ही सड़क ठीक हुई। सड़क पर कई दिन से बरसात का पानी भरा हुआ है निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। सुरेश भाटिया का आरोप था कि निगम अधिकारी फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने की बात करते हैं, मगर सड़कों पर ध्यान नहीं देते। हर तरफ कूडे़ के ढेर, गंदगी, टूटी सड़कें और सीवर का पानी जमा रहता है। इस सड़क की शिकायत सीएम विंडो पर छह महीने पहले की थी लेकिन उसका भी अभी तक कोई जवाब नहीं आया। लोगों ने एलान किया कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो मंच और ई ब्लॉक के लोग नगर निगम का घेराव करेंगे। निगम की ओर से टैंकर भिजवा कर सड़क का पानी साफ करवाया। इस मौके पर अमरनाथ, सुरेश भाटिया, दुली चंद, छबील भाटिया, सतीश भाटिया, अमन कुमार, अमृत लाल, अमरनाथ कथूरिया, मनोज कुमार, शालू भाटिया, प्रीतम लाल और मनहोर लाल कथूरिया आदि मौजूद रहे।