काजल कुमारी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़, फरीदाबाद न्यू टाउन और फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में बिना बुक किए सामान (अनबुक्ड लगेज) यानी बिना लगेज टिकट के भारी सामान लेकर यात्रा करने वालों पर रेलवे ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दिल्ली, गाजियाबाद और शकूरबस्ती की ओर जाने वाली कई ट्रेनों में हाल ही में लगातार अनियमित रूप से यात्रियों के भारी सामान और दूध के डिब्बे लाने की शिकायतें मिल रहीं थी, जिसे लेकर 18 यात्रियों पर 5 हजार से अधिक जुर्माना किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कई लोग बिना टिकट के भारी-भरकम बोरियां, बक्से, और अन्य माल जनरल डिब्बों में रखकर यात्रा कर रहे थे। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी खतरा बनता है। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जांच अभियान तेज कर दिया है। अब ट्रेन में सवार यात्रियों के न सिर्फ टिकट, बल्कि उनके सामान की भी जांच की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति या बिना लगेज टिकट के सामान ले जाता पाया गया, तो उस पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है।
वाणिज्यिक निरीक्षक रेलवे अधिकारी ने बताया कि इस महीने में बिना बुक किए सामान ले जाने वाले 18 यात्रियों का 5 हजार से अधिक जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।