गुर्जर आंदोलन ने बिगाड़ा ट्रेनों का संचालन
फरीदाबाद। राजस्थान के सवाईमाधोपुर और बयाना के बीच शुरू हुए गुर्जर आरक्षण आंदोलन का असर दिल्ली-मुंबई रूट की ट्रेनों पर पड़ना शुरू हो गया है। रेलवे ने आरक्षण के कारण फरीदाबाद-बल्लभगढ़ स्टेशन से गुजरने वाली बारह से अधिक ट्रेन रद्द कर दीं और कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित कर दिए। ट्रेनों के रद्द होने से आने वाले दिनों में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, आंदोलनकारियों ने सवाईमाधोपुर के मलारना और नीमोदा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर तंबू लगाया है, इससे दिल्ली-मुंबई रूट की ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने मुंबई-दिल्ली रूट की ट्रेनों को 13 फरवरी तक रद्द कर दिया है। कई ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि अगले दो-तीन दिन में मुंबई रूट की ओर यात्रा करने वाले लोग सफर करने से पहले अपनी ट्रेन की जानकारी जरूर कर लें।
यह ट्रेन हुईं रद्द
रेलवे के अनुसार, गुर्जर आंदोलन के कारण रविवार को 19023 फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, 12417 स्वराज एक्सप्रेस, 12925 पश्चिम एक्सप्रेस, 19019 देहरादून एक्सप्रेस का संचालन नहीं होगा। सोमवार को 12903 गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस, 19023 फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, 12953 अगस्त क्रांति एक्सप्रेस, 19019 देहरादून एक्सप्रेस, 12917 गुजरात संपर्क क्रांति एक्सप्रेस नहीं चलेंगी। 12 और 13 फरवरी को फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस और देहरादून एक्सप्रेस का परिचालन नहीं होगा।
इन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित हुआ
रेलवे के मुताबिक, नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस को मथुरा-बीना-नागदा रूट से संचालित किया जाएगा। 12473 अहमदाबाद-समता एक्सप्रेस को अहमदाबाद-अजमेर-जयपुर-रेवाड़ी-नई दिल्ली, 12925 बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस (गोल्डन टैंपल) को नागदा- संतहिरदारामनगर-बीना-आगरा कैंट-मथुरा-नई दिल्ली से चलाया जा रहा है। 12471 सर्वोदय सुपर जम्मू-फरीदाबाद-मुंबई एक्सप्रेस और 12415 नई दिल्ली-इंदौर एक्सप्रेस को मथुरा-आगरा कैंट-बीना-संतहिरदारामनगर-नागदा होते हुए चलाया जाएगा।