सूरजकुंड मेले में स्वास्थ्य विभाग का युवाओं पर होगा फोकस
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेले में सबसे ज्यादा पर्यटक युवा होने के कारण इस वर्ग पर इस बार स्वास्थ्य विभाग का फोकस होगा। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता शिविर लगाएगा। इस शिविर में युवाओं को एचआईवी संक्रमण और टीबी के बारे में जागरूक करने पर खास ध्यान रहेगा। साथ ही निशुल्क जांच की सुविधा भी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग हर वर्ष सूरजकुंड में जागरूकता शिविर लगाता है। इस बार के शिविर में टीबी रोग की जागरुकता को शामिल किया गया है। इसके साथ ही जागरूकता के लिए युवा वर्ग पर फोकस किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की मेला प्रभारी डॉ. शीला भगत का कहना है कि शिविर नंबर 19 में यह जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। पहल नाम की सामाजिक संस्था के सहयोग से करीब 20-25 स्वयंसेवी भी मेले में लगाए जाएंगे। यह स्वयंसेवी युवा और अन्य वर्ग को शिविर तक निशुल्क जांच और विशेषज्ञ सलाह के लिए लेकर आएंगे। डा. शीला ने बताया कि न्यू मीडिया पर उपलब्ध सभी जानकारी भी युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग की पूरी कोशिश है कि जागरूकता शिविर को शत प्रतिशत सफल बनाया जाए। ब्यूरो