ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत, एक गंभीर
फरीदाबाद। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर मंगलवार सुबह लोहे के पाइप भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पाइपों पर बैठे दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बीके सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस घायल के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उसके बयान लेकर मामला दर्ज किया जा सके।
मांगर चौकी पुलिस के अनुसार, मूलरूप से गांव रोजा जलालपुर, नोएडा, उत्तर प्रदेश निवासी 19 वर्षीय संजय, 20 वर्षीय सीताराम और राजेश भूपानी गांव की एक कॉलोनी में ही रहते थे। तीनों मजदूर थे। मंगलवार सुबह वह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। ट्रॉली में लोहे के पाइप व शटरिंग का सामान भरा हुआ था। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक सामान के ऊपर बैठे हुए थे। सुबह बारिश हो रही थी। ऐसे में मांगर पेट्रोल पंप के पास ढलान पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस कारण पीछे ट्रॉली में रखे सामान पर बैठे संजय, सीताराम और राजेश नीचे गिर गए और उन पर पाइप आदि सामान आ गिरा। दुर्घटना में संजय व सीताराम की मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे बीके सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। पुलिस राजेश के होश में आने का इंतजार कर रही है, जिससे पता चलेगा कि ट्रैक्टर चालक कौन है। उसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा।