8-9 को ट्रक और डंपर नहीं चलेंगे
कांवड़ यात्रा : एसीपी एनआईटी और मुख्यालय ने बैठक में दिए निर्देश
- अभी तीन दिन भी रात में सिर्फ आठ घंटे ही होंगे संचालित
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर शहर की सड़कों पर दिन में ट्रक व डंपर नहीं दौड़ेंगे। इसके लिए शनिवार को एसीपी एनआईटी व मुख्यालय ने क्रशर, डंपर व ट्रक मालिकों की बैठक में यह निर्देश दिए हैं। क्रशर जोन प्रधान ने कहा कि 8 व 9 अगस्त को वे अपनी गाड़ियों को पूरी तरह से बंद रखेंगे, ताकि कांवड़ियों को कोई परेशानी न हो।
बैठक के दौरान एसीपी देवेंद्र यादव ने क्रशर जोन मालिकों को निर्देश दिए कि वह 5, 6 और 7 अगस्त को अपने ट्रक व डंपर रात को 9 बजे से प्रात: 5 बजे तक ही चलाएं। क्रशर जोन प्रधान धर्मबीर भड़ाना ने पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया कि अपने डंपर व ट्रक नो एंट्री के समय नहीं चलाएंगे। इसके अलावा भड़ाना ने कहा कि 8 व 9 अगस्त को वे अपनी गाड़ियां पूरी तरह से बंद रखेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांवड़ियों की मदद के लिए वो पूरी तरह से अपना सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के सड़कों पर नहीं चलने के कारण जाम नहीं लगेगा, जिससे कांवड़िये आराम से अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। इस मौके पर विजय छाबड़ा, दीपक आहूजा, राकेश ग्रोवर, रघबर प्रधान, खड़ग सिंह, अशोक त्यागी, सत्ते पहलवान आदि ने शिरकत की। जानकारी हो कि 9 अगस्त को सावन की शिवरात्रि होने के कारण 8 को ही कांवड़िये भारी संख्या में जुट जाएंगे जिससे शहर को जाम का सामना करना पड़ सकता है।