आशा कार्यकर्ताओं की मांगे हुई पूरी, मनाया जश्न
- बीके चौक पर एकत्रित होकर मिठाइयों के साथ खुशी बांटी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राज्य सरकार की ओर से आशा कार्यकर्ताओं की मांगे पूरी करने का लिखित पत्र शुक्रवार को जारी कर दिया गया। अपनी जीत पर शनिवार को संघर्ष विजय जनसभा आयोजित कर आशाओं ने अपनी खुशी जाहिर की। जिला स्तरीय आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगें माने जाने और नए लाभ मिलने पर बीके चौक पर एकत्रित होकर मिठाइयों के साथ खुशी बांटी।
आशा कार्यकर्ता जिला प्रधान हेमलता ने संघर्ष में सहयोगी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीआईटीयू) व सर्व कर्मचारी संघ का खास धन्यवाद किया। आशा कार्यकर्ताओं को अब पहले मानी जा चुकी मांगों का लाभ दिया जाएगा। सरकार की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मासिक चार हजार रुपये का मानदेय, सामान्य वर्ग गर्भवती के अस्पताल में प्रसव कराने पर 300 रुपये का लाभ देना मंजूर किया है। मासिक मानदेय का लाभ आशा वर्कर्स को जनवरी 2018 से ही दिया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव कराने के लिए दिया जाने वाला मानदेय अप्रैल माह से मंजूर किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं की मृत्यु पर 3 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। योग्य आशा वर्कर्स को नौकरी में प्राथमिकता, बहुउद्देशीय महिला स्वास्थ्य कर्मी भर्ती में वरीयता, ठेका भर्ती में भी आशा कार्यकर्ताओं की योग्यता को महत्व दिया जाएगा। टीकाकरण और अन्य पांच कार्यों में मिल रहे मानदेय में सौ रुपये का इजाफा भी किया गया है।