घायल हालत में छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में स्कूल के पास 12वीं के छात्र 17 साल के किशोर को लात-घूंसों से पीटने के साथ ही चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। हादसे की सूचना पाकर किशोर के पिता मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
छात्र के पेट व अन्य हिस्सों पर चाकू से 4-5 वार किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि छात्र के पिता की शिकायत पर पल्ला थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है। पल्ला एरिया की शिव कॉलोनी के रहने वाले निखलेश शर्मा ने ये शिकायत पुलिस को दी है। इनका 17 साल का बेटा पास के ही स्कूल में 12वीं का छात्र है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 21 अप्रैल को करीब 7 बजे ड्यूटी जाने के लिए तैयार थे। उसी समय इन्हें सूचना मिली कि इनके बेटे को 7-8 लड़के दीक्षा स्कूल के पास पीट रहे हैं। लगभग 10 मिनट बाद पिता मौके पर पहुंचे तो बेटा घायल हालत में पड़ा था। तभी मौके पर पुलिस भी आ गई। छात्र ने पिता व पुलिस को बताया कि 7-8 लड़कों ने इसे घेरकर लात-घूंसों से पीटा। उन्हीं में से किसी ने इस पर चाकू से वार किए तो गिरकर चिल्लाने लगा। लोगों की भीड़ देखकर हमलावर भाग गए। घायल हालत में छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बीके अस्पताल से छात्र को दिल्ली सफदरजंग रेफर कर दिया गया। पुलिस टीम एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।