32 लाख रुपये से अधिक की रकम बरामद
314 शिकायतों का निस्तारण कर 24 लाख रुपये से अधिक रकम खातों में फ्रीज कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सप्ताह में सफलता हासिल करते हुए 17 साइबर ठगी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 32.16 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद की, जबकि 24.04 लाख रुपये से अधिक की रकम विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में 23 से 29 मई के बीच तीनों साइबर थानों की टीमों ने सात मामलों में कार्रवाई की। इनमें साइबर थाना एनआईटी के दो, साइबर थाना सेंट्रल के चार और साइबर थाना बल्लभगढ़ का एक मामला शामिल है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया व ठगी की 32,16,583 रुपये की राशि बरामद की।
इसके अलावा साइबर पुलिस ने 314 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 24,04,029 रुपये की रकम संबंधित खातों में फ्रीज कराई। गिरफ्तार आरोपियों में राघव गांधी, आबिद, मोहम्मद नईम, सचिन कुमार, सूरज गुप्ता, मोहम्मद शाद जफर अली, अंशुमान सिंह, मोहम्मद नोमान, अमर सिंह, उमेद सिंह, रणजीत सिंह, प्रभात कुमार, अभिषेक राणा, प्रशांत, सरबजीत सिंह, तरुणधीर व एक महिला शामिल हैं। फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।