फरीदाबाद। शहर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर थानों की टीमों ने 14 फरवरी से 20 फरवरी के बीच विशेष अभियान चलाकर 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया और 39,99,485 रुपये की राशि बरामद की है।पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार साइबर थाना एनआईटी, सेंट्रल और बल्लभगढ़ की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार मुकदमों में आरोपियों को दबोचा है। इनमें साइबर थाना एनआईटी के दो, सेंट्रल का एक और बल्लभगढ़ का एक मामला शामिल है। इसके अलावा साइबर थानों की टीमों ने 407 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 59,30,143 रुपये की राशि संबंधित खातों में फ्रीज कराई है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी और तकनीकी सहायता का सहारा लिया जा रहा है। आरोपियों में मासूम कुमार, सुजीत कुमार, अमान हुसैन, अमन कौशल, हरदेश रावत, वरिष्ठ चाहर, प्रकाश, जसविंदर पाल, श्याम, सतेंद्र जोशी, मनोज रजक, पुष्पेंद्र साहू, रोहित सोनी, आसिफ, कासिफ आजम, नदीम अहमद और तुषार कुमार शामिल हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या संदिग्ध कॉल से सावधान रहें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं व राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज करें।