पल्ला की सरस्वती कॉलोनी में लगा था मिनी एटीएम, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की सरस्वती कॉलोनी में लगे एटीएम से चोर 16.52 लाख रुपये निकाल करके ले गए। एटीएम में पैसा डालने व रखरखाव करने वाली कंपनी प्रबंधक को घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद मामले की भनक लगी। प्रबंधन की शिकायत पर पल्ला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली पालम के राजनगर निवासी नितेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिल्ली के मोहन कॉपरेटिव स्थित सीएमएस इंफो सिस्टम नामक कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक हैं। उनकी कंपनी हिताची मनी स्पॉट के नाम के एटीएम में पैसा डालने व रखरखाव का काम करती है। कंपनी की तरफ से 18 मार्च को सरस्वती कॉलोनी स्थित हिताची मनी स्पॉट एटीएम में 10 लाख रुपये डाले थे। पहले से रखी रकम को मिलाकर एटीएम में कुल 19.15 लाख रुपये थे। 19 मार्च को कंपनी की तरफ से उन्हें सूचना दी गई कि एटीएम से कैश खत्म हो गया है, जबकि कार्डधारकों ने केवल 2.29 लाख रुपये ही निकाले हैं। जांच करने के बाद पता लगा कि एटीएम से 16.52 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। सूचना पाकर मौके पर पल्ला थाना पुलिस के साथ एसीपी क्राइम, एसीपी सराय व क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।