फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के 165 मामले और तीन मौत बुधवार को दर्ज की गई। नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 3896 और मौत के मामले 80 हो चुके हैं। जबकि अब तक 2581 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं।
जिले में बुधवार को तीन मौत के मामलों की पुष्टि हुई। तीनों ही मृतक दूसरी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। तीनों मामले बल्लभगढ़ व एनआईटी क्षेत्र से संबंधित हैं। कोविड-19 की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिले में बुधवार को कोविड-19 से मरने वाले संक्रमित वृद्ध थे। संक्रमण के नए मामले भी कंटेनमेंट जोन से संबंधित ही रहे। सभी जोन ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और बल्लभगढ़ से संबंधित रहे।
संक्रमण के बढ़ते मामलों के साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों के आंकड़ों में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग की रिपोर्ट बताती है कि कुल 1330 ही उपचाराधीन हैं। इनमें से 585 अस्पताल में उपचाराधीन हैं। अन्य 650 मामलों को घर पर ही उपचार दिया जा रहा है।
संक्रमण से दोगुने होने वाले मामलों में कमी आई है। अब सात के बजाय 17 दिन में मामले दोगुने हो रहे हैं। बुधवार को तीन संक्रमितों की मौत हो गई। संक्रमण से कोई दम नहीं तोड़ रहा, मरने वाले पुरानी बीमारियों से ग्रस्त हैं। इस कारण कोविड-19 से पीड़ित होते ही जिंदगी की जंग हार रहे हैं। अब तक 23759 लोगों की जांच की जा चुकी है। विभाग को 465 संक्रमण मामलों की रिपोर्ट का इंतजार है। - डॉ. रामभगत, कोविड-19 नोडल अधिकारी