हुडा के सेक्टर-78 में हो रही मिट्टी की चोरी
फरीदाबाद। खनन माफिया की नजर नहर पार स्थित हुडा के सेक्टर 77-78 की जमीन पर है। यहां माफिया ने प्लॉटों से 15-20 फीट तक मिट्टी खोद डाली है और यह सिलसिला रोजाना जारी है। प्लॉट मालिकों में खनन को लेकर चिंता और हुडा प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि खनन माफिया हुडा अधिकारियों की मिलीभगत से करोड़ों रुपयों की मिट्टी खोद चुके हैं।
हुडा ने वर्ष 2015 में सेक्टर 77-78 हाउसिंग स्कीम लांच की थी। दोनों सेक्टरों में 700 प्लॉट हैं इनकी बिक्री 2016 में हुई थी। नियमानुसार हुडा को अब तक इन सेक्टरों में डेवलपमेंट कार्य पूरे कर देने चाहिए थे ताकि प्लॉट धारक निर्माण करवा सकें। हुडा ने विकास कार्य तो कराए नहीं उलटे रोजाना यहां प्लॉटों से मिट्टी खोदी जा रही है। आरडब्ल्यूए सेक्टर 77-78 के प्रधान डॉ. आकाश तंवर कहते हैं कि माफिया 1500-2000 रुपये ट्रॉली मिट्टी बेच रहे हैं। हालात यह हैं कि माफिया हुडा के प्रस्तावित रोड नेटवर्क को छोड़ कर उसके आस पास स्थित प्लॉटों से 15-20 फीट गहराई तक मिट्टी खोद चुके हैं। डॉ. आकाश तंवर कहते हैं कि उन्होंने हुडा में इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह कहते हैं कि हुडा ने हाल ही में एन्हांसमेंट चार्ज भी वसूला है, सभी प्लॉट गड्ढे में चले गए हैं। यदि हुडा इन प्लॉटों को मालिक को हैंडओवर करेगी तो इनकी भरान कराने में ही डेढ़ सौ दो लाख रुपये का खर्च आ जाएगा। उनका आरोप है कि हुडा अधिकारियों की शह पर माफिया प्लॉटों मेें खनन कर रहे हैं। इस संबंध में हुडा एस्टेट ऑफिसर अमरदीप जैन का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा।