फरीदाबाद। जिले में शनिवार को 15821 लोगों ने टीकाकरण कराया। इनमें से 13494 लोगों ने सरकारी केंद्रों जबकि 2327 लोगों ने निजी केंद्रों पर टीका लगवाया। टीकाकरण नोडल डॉ. राजेश श्योकंद ने बताया कि 18 से 44 वर्ष के 10856, वहीं 45 साल से अधिक उम्र के 4949 लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाया गया। वहीं 15 स्वास्थ्य कर्मियों व एक फ्रंट लाइन वर्कर ने भी डोज ली।
कामगार बोले दिहाड़ी छोड़कर आते हैं
स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी दिखाई दी। बीके अस्पताल में लगे टीकाकरण केंद्र पर दोनों आयु वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग लाइनें लगाई गई थीं। बहुत सी कंपनियों ने सभी कर्मचारियों के लिए टीकाकरण अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में काफी संख्या में नौकरी पेशा वाले लोग भी टीकाकरण के लिए पहुंच रहे हैं। कामगारों का कहना है कि सरकार निशुल्क टीकाकारण की सुविधा दे रही है, लेकिन बदइंतजामी के कारण एक दिन की पूरी दिहाड़ी छोड़कर टीकाकरण कराने को मजबूर हैं। कई कामगार बीके अस्पताल में महज एक घंटे का गेट पास लेकर टीकाकरण के लिए पहुंचे, लेकिन सारा दिन केंद्र पर ही बीत गया।
खेड़ी स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाई दी भीड़
शनिवार को खेड़ी गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगवाने वाले लोगों की काफी भीड़ दिखाई दी। आस-पास से गांवों के लोग यहां पर टीका लगवाने पहुंचे। ग्रेटर फरीदाबाद सोसाइटी के ज्यादातर लोग भी शनिवार को टीकाकरण के लिए पहुंचे। ऐसे में केंद्र पर भीड़ रही। इस बीच कोविड नियमों की भी जमकर धज्जियां उड़ीं।
दूसरी डोज लेने वालों के लिए अलग होंगे केंद्र
टीकाकरण केंद्रों पर लगने वाली भीड़ को कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दूसरी डोज वाले लोगों के लिए अलग से सेशन आयोजित करने की योजना बनाई है। अभी तक किसी भी केंद्र पर टीकाकरण के लिए बुजुर्ग और युवाओं को एक ही लाइन में पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर टीका लगाया जा रहा था। इससे बुजुर्गों को अच्छी खासी परेशानी हो रही थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने तय किया है कि दूसरी डोज लेने वाले 45 से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण की अलग से व्यवस्था की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि सोमवार को 10 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए अलग से सेशन आयोजित किए जाएंगे। इन केंद्रों में कम्यूनिटी सेंटर सेक्टर-15, कम्यूनिटी सेंटर सेक्टर-3, एफआरयू वन सेक्टर-30, ईएसआई अस्पताल सेक्टर-8, भाटिया सेवा समाज एनआईटी-2, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौराली, गवर्नमेंट कॉलेज तिगांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली व खेड़ी कलां शामिल हैं।
वर्जन-
टीकाकरण के लिए लंबी लाइन लगी मिली। काफी परेशानी के बाद टीकाकरण हुआ। चलने की हालत नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों की कुर्सियों पर ही बैठना पड़ा। बुजुर्गों के लिए इंतजाम किए जाने चाहिए। असुविधा से काफी दुख होता है। - कमलेश (80), गृहणी
टीकाकरण के लिए जिले में कोई इंतजाम ठीक नहीं। हम कामगार हैं। कंपनी से टीकाकरण के लिए जोर दिया जा रहा है। शनिवार को गेट पास देकर एक घंटे की मोहलत में टीकाकरण के लिए बीके अस्पताल पहुंचे। यहां छह घंटे बाद नंबर आया। ऐसे में कंपनी वाले एक दिन का वेतन काट देंगे। सरकार की ओर से फ्री टीकाकरण सुविधा का कोई फायदा नहीं। - तौकीर खान, कामगार
टीकाकरण के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा। गेट पास लेकर एक घंटे के लिए आए हैं, लेकिन पूरे दिन का वेतन कटा। इससे बड़ी असुविधा एक मजदूर के लिए क्या होगी। शायद इसीलिए मजदूर वर्ग में टीकाकरण का उत्साह नहीं है। मिनटों के काम में घंटों लग रहे हैं। - राजू सिंह, कामगार