फरीदाबाद। पुलिस ने 20 से 22 नवंबर तक चले 13वें सप्ताहांत विशेष अभियान में 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 587 ग्राम गांजा, 3.88 ग्राम एमडीएमए और 225 बोतल शराब सहित 7,010 रुपये जब्त किए गए।
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने यह कार्रवाई की। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पांच आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं, अवैध शराब रखने और बेचने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर 7,010 रुपये बरामद किए गए। अभियान के दौरान 47 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 29 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। संवाद