चूक : मतदाता पर्चियों पर छाप दी मतदान की गलत तारीख
फरीदाबाद। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से लोगों को भेजी जा रही मतदाता पर्चियों में प्रशासन ने मतदान की तारीख ही गलत छाप दी। हरियाणा में छठे चरण में 12 मई 2019 को मतदान होना है। मगर फोटोयुक्त मतदाता पर्चियों पर प्रशासन ने मतदान की तारीख 1 सितंबर 2018 प्रकाशित कर दी। गलत तारीख छपी पर्चियां लोगों को बांट दी र्गइं। जब कुछ लोगों ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से इसकी शिकायत की तो उन्होंने प्रकाशित गलत तारीख को पेन से काटकर उस पर 12 मई 2019 की तारीख लिख दी।
लोकसभा चुनाव के मात्र पांच दिन शेष हैं। हरियाणा में छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है। इसके लिए प्रशासन भी जोरशोर से तैयारियों में जुटा हुआ है। लोगों को अधिक से अधिक मतदान को प्रेरित करने के लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। रविवार को निर्वाचन आयोग की तरफ से शहर में सार्वजनिक स्थानों पर मीठे पानी की छबील लगाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन मतदान से पहले सभी क्षेत्रों में फोटोयुक्त मतदाता पर्चियों का वितरण करवा रहा है। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के बीएलओ की जिम्मेदारी लगाई गई है।
सोमवार को एनआईटी 86 विधानसभा क्षेत्र में बंट रहीं मतदाता पर्चियों में बड़ी चूक देखने को मिली। मतदाताओं को बांटी जा रही पर्चियों पर मतदान की तारीख 1 सितंबर 2018 प्रकाशित है। जवाहर कॉलोनी निवासी पिंकी वर्मा, सुधीर वर्मा, प्रीतम लाल और सुरेश ने बताया कि उन्होंने पर्ची पर मतदान की गलत तारीख देखकर इस बारे में बीएलओ को बताया तो उन्होंने पेन से उस पर 12 मई 2019 लिख दिया। हालांकि, इसके बाद वे कुछ ही पर्चियां बांट कर चली गई।
कोट
ये बात प्रशासन के संज्ञान में आ गई है। वो छपाई की गलती है। सभी बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे मतदाता पर्चियों में मतदान की गलत तारीख को काट कर सही तारीख लिखकर दें, ताकि मतदाताओं को कोई गलतफहमी न हो।
- धर्मेंद्र सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त