एसआईसी मेडिकल कॉलेज में बढ़ेगी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं
फरीदाबाद। एनआईटी तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल का मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र से लोकार्पण किए जाने के बाद से ही कॉलेज में अब सुपर स्पेशिलिटी शुरू करने की कवायद शुरू कर दी गई है। यहां मरीजों को निजी अस्पतालों की तर्ज पर किडनी, हार्ट व ब्रेन इत्यादि बीमारियों का इलाज मिल सकेगा।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज से करीब सात लाख कार्ड धारक (आईपी) जुड़े हुए है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए पिछले साल अस्पताल परिसर में पीपीपी मॉडल पर डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई थी। ईएसआईसी व बीके अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं जैसे दिमाग व मूत्र रोग आदि के इलाज की सुविधा न होने से मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे रेट पर इलाज करवाना पड़ता है। बड़े ऑपरेशन के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों में धक्के खाने पड़ते हैं। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया है। न्यूरोलॉजिस्ट व हार्ट के विशेषज्ञों के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। ईएसआई कार्ड धारकों को यहां महंगी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं मुफ्त मिलेगी। मरीजों की जांच भी आसानी से हो सकेगी। कैंसर रोगियों को कीमोथैरेपी, रेडियोथैरेपी सहित बेहद जटिल सर्जरी भी यहां संभव हो जाएगी।
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे यहां आने वाले गंभीर रोगों के मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर न करना पड़े। इससे मरीजों को काफी परेशानी होती है। विशेषज्ञों की भर्ती के लिए लगातार इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। दो माह में मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
- डॉ. अनिल पांडे, रजिस्ट्रार, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज