स्वाइन फ्लू का कहर
एक ही परिवार के दो लोगों को स्वाइन फ्लू, चार संदिग्ध
बीके सिविल अस्पताल में प्रतिदिन पहुंच रहे पांच संदिग्ध मरीज
स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, इलाज जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सर्दी बढ़ने के साथ ही अब स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या में भी दिन-प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। इस संक्रामक बीमारी ने शहर के एक परिवार के सभी सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। इनमें से दो को जांच के बाद स्वाइन फ्लू की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग कर चुका है जबकि चार अन्य को भी संदिग्ध मरीजों की श्रेणी में रखा है। सेक्टर-21 में रहने वाले इस परिवार के स्वाइन फ्लू के चपेट में आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप है।
स्वाइन फ्लू पीड़ित इस परिवार की दोनों महिलाओं का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इसके साथ ही परिवार के बाकी चारों सदस्यों पर भी स्वास्थ्य विभाग नजर रखे हुए है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर सभी परिजनों को टैमी फ्लू की गोलियां दी हैं। उन्होंने बताया कि निजी अस्पताल के डाक्टरों ने महिलाओं की हालत देखते हुए पूरे परिवार को एहतियात बरतने की बात कही है।
उधर स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विभाग प्रभारी डॉ. राम भगत ने बताया कि विभाग बीमारी को लेकर सतर्क है। संभावित मरीजों से उनकी पूरी संपर्क जानकारी जांच के वक्त ही जुटा ली जाती है। जांच रिपोर्ट आते ही विभाग कर्मचारी संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट की जानकारी दे दी जाती है। डॉ. राम भगत ने बताया कि विभाग संदिग्ध मरीजों को भी टैमी फ्लू दवा देकर वक्त रहते ठीक करने का प्रयास करता है। डॉ. राम भगत ने बताया कि इससे स्वाइन फ्लू ए व बी श्रेणी के मरीज दवा खाने से ठीक हो जाते हैं। समस्या स्वाइन फ्लू ग्रस्त सी श्रेणी के मरीजों को आती है। ऐसे मरीजों की रोग प्रतिरोधी क्षमता काफी कम होती है।
बीके सिविल अस्पताल में प्रतिदिन पहुंच रहे 5 संदिग्ध मरीज
स्वाइन फ्लू के प्रतिदिन पांच संदिग्ध मरीज सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मलेरिया विभाग प्रभारी डॉ. राम भगत के अनुसार संदिग्ध मरीजों का आंकड़ा 125 तक पहुंच गया है। अभी सर्दी चूंकि ज्यादा है। ऐसे में मरीजों की संख्या में इजाफा हो सकता है।