70 लोगों ने किया रक्त का महादान
फरीदाबाद। एनएच-2 स्थित भाटिया सेवक समाज के प्रांगण में प्रभाती जत्था के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 70 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। शिविर का उद्घाटन बड़खल विधायक सीमा त्रिखा और मेयर सुमन बाला ने किया। विधायक ने कहा कि रक्तदान एक महादान है। इस महादान में सभी को अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा दान किए गए रक्त से अगर किसी की जान बचती है तो इससे बड़ा पुण्य कोई नहीं हो सकता। हमें इस तरह की सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
संस्था के प्रधान मोहन सिंह भाटिया ने कहा कि प्रभाती जत्था समय-समय पर इस तरह के शिविरों का आयोजन करता रहता है। जत्था जहां कीर्तन आदि करके लोगों को प्रवचनों से सराबोर करता है, वही समाजसेवा के कार्यो में भी सदैव अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्तदान शिविर में रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली साउथ सेंट्रल के प्रधान मुकेश अग्रवाल, फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसिमिया, ब्लड बैक संत भगत सिंह चैरिटेबल अस्पताल का सहयोग रहा। इस अवसर पर मनोज नासवा, बीआर भाटिया, गुलशन भाटिया, राजेश भाटिया, मोहन सिंह भाटिया, अनिल भाटिया, योगेश भाटिया, गुरचरण सिंह, मोहन लाल, जीत सिंह, जनक सिंह, रवि भाटिया आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ब्यूरो