फरीदाबाद। नगर निगम की ओर से खोरी गांव में तोड़फोड़ के बाद बेघर हुए के लिए पुनर्वास योजना के तहत राधास्वामी सत्संग ब्यास आश्रम और होटल राजहंस में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 150 लोगों ने आवेदन किया है। निगम अधिकारियों द्वारा सभी आवेदनों की जांच की जा रही है। जल्द लोगों को डबुआ कॉलोनी और बापू नगर में बने ईडब्ल्यूएस के तहत मकान दिए जाएंगे।
नगर निगम आयुक्त डॉ. गरिमा मित्तल ने कहा कि लकड़पुर खोरी क्षेत्र के जिन निवासियों को पुनर्वास योजना में शामिल किया गया है उनके लिए जो मानदंड निर्धारित किए गए हैं, उसमें तीन दस्तावेज को मुख्य तौर पर शामिल किया गया है। इनमें परिवार की आय तीन लाख रुपये वार्षिक से अधिक न हो। इसके साथ ही परिवार के मुखिया का नाम हरियाणा की बड़खल विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में एक जनवरी 2021 के अनुसार दर्ज होना चाहिए। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की वोटर लिस्ट में शामिल लोगों को योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। दूसरे नियम के तहत परिवार के मुखिया के पास हरियाणा राज्य द्वारा एक जनवरी 2021 तक जारी किया गया परिवार पहचान पत्र हो। तीसरे दस्तावेज के तौर पर परिवार के किसी भी सदस्य महिला एवं पुरुष के पास दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा जारी किया गया बिजली का कनेक्शन होना चाहिए। जो लोग इन तीन में से किसी एक दस्तावेज के साथ योजना के पात्र पाए जाएंगे। उन्हें डबुआ व बापू नगर क्षेत्र में फ्लैट उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जब तक मकानों की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं होता तब तक संबंधित व्यक्ति को कहीं अन्य मकान किराए पर लेने के लिए दो हजार रुपये प्रतिमाह छह महीने तक उपलब्ध करवाए जाएंगे।