-राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ वितरण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला स्वास्थ्य विभाग, नूंह द्वारा बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक विशेष वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. संदीप मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नूंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और चिन्हित किए गए 15 लाभार्थी बच्चों को निःशुल्क श्रवण यंत्र वितरित किए।
इस अवसर पर उनके साथ डॉ. विशाल सिंगला, उप सिविल सर्जन (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), डॉ. रजनीकांत, उप सिविल सर्जन (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम), डॉ. सौरभ यादव, कान-नाक-गला विशेषज्ञ, फरहान खान, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र प्रबंधक तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ और सक्षम बनाना है। उन्होंने बताया कि इन आधुनिक उपकरणों की सहायता से सुनने में अक्षम बच्चे अब सामान्य रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा गांवों और विद्यालयों में जाकर इन बच्चों की पहचान की गई थी, जिसके पश्चात आज उन्हें यह सहायता प्रदान की गई है। कान-नाक-गला विशेषज्ञ ने अभिभावकों को श्रवण यंत्रों के रखरखाव और सही उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से बच्चों के मानसिक तथा भाषाई विकास में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सकता है।
अभिभावकों ने जताया आभार
उपकरण प्राप्त करने वाले बच्चों के अभिभावकों ने भावुक होते हुए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम और स्वास्थ्य विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे इन महंगे उपकरणों को स्वयं खरीदने में असमर्थ थे, लेकिन सरकार की इस पहल ने उनके बच्चों के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाई है।