‘किसान खा रहा है छाती पर गोली, व्यापारी खा रहा है अपनी पूंजी’
यदि प्रदेश की भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की मार्किंग की जाए तो वह माइनस में जा रही है। हालात इतने खराब हैं कि देश का किसान अपनी छाती पर गोली खा रहा है और व्यापारी मुनाफा तो दूर अपनी पूंजी खाने को मजबूर है। प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए इससे ज्यादा शर्म की और क्या बात होगी कि उसके कुक भी आज धरने पर बैठे हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को पल्ला में आयोजित प्रदर्शन में कही।
वह तिगांव विधानसभा क्षेत्र की कॉलोनियों में रुके हुए विकास कार्यों के विरोध में विधायक ललित नागर की ओर से आयोजित धरने के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने अपने कार्यकाल से तुलना करते हुए बताया कि 1966 में हरियाणा निर्माण से लेकर अक्तूबर, 2014 तक हरियाणा सरकार पर कुल 71 हजार करोड़ का कर्ज था, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने मात्र ढाई साल में इसे बढ़ाकर 1.5 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया है, जिससे सरकार की अनुभवहीनता का पता चलता है। विरोधियों पर कटाक्ष किया कि पूर्व में चौटाला और भाजपा के शासन में यहां के लोग फरीदाबाद को फकीराबाद बनाने की बात कहते थे। उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद फरीदाबाद को देश के औद्योगिक मानचित्र पर स्थापित किया। विधायक ललित नागर की तारीफ करते हुए बोले कि पिछले ढाई साल के दौरान ललित नागर ने सरकार की नाकामियों को उठाते हुए जनता आवाज बनने का काम किया है, इससे सही मायने में वह एक सच्चे जन नेता बने हैं। उन्होंने कहा कि ललित नागर विपक्ष में रहकर जनता के समक्ष जो भी वादे कर रहे हैं, उन सभी वादों को कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पूरा किया जाएगा।
विधायक ललित नागर ने अपने ढाई साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए एक लायक बेटे की तरह क्षेत्र की छत्तीस बिरादरी की सेवा करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी है। सरकार पर आरोप लगाया कि तिगांव क्षेत्र आज विकास के नाम पर एक ईट तक नहीं लगाई गई है और न ही उन्हें विकास के लिए एक रुपये की भी ग्रांट मिली है। धरने को विधानसभा के पूर्व स्पीकर, गन्नौर विधायक कुलदीप शर्मा, होडल के विधायक उदयभान, पूर्व मंत्री पं. शिवचरण लाल शर्मा, पूर्व मंत्री आफताब अहमद, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर, यशपाल नागर, लखन कुमार सिंगला, अब्दुल गफ्फार कुरैशी ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में पिंटू सरपंच, सुखराज प्रधान, देवेंद्र तोंगड़, विक्की चोपड़ा, सतपाल चौधरी, लाल बाबू, एमएस असवाल, छज्जू पंडित, महेश नागर, युद्धवीर झा, राजेश खटाना, विकास वर्मा नंबरदार, अनिल चेची, गुलशन बगगा, राजेंद्र भामला, जगन डागर, योगेश ढींगड़ा, बिजेंद्र मावी, सुनील भाटी चेयरमैन, सूरजपाल भूरा, नितिन सिंगला सहित कांग्रेसी नेता और गणमान्य मौजूद रहे।