आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा में फरीदाबाद के होनहारों ने रौशन किया नाम
आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा का परिणाम जारी होते ही औद्योगिक नगरी फरीदाबाद का माहौल उत्साह से भर गया है। जानकारी के मुताबिक फरीदाबाद के करीब 200 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इसमें से अकेले फिटजी से 125 हैं। अगर ऑल इंडिया टॉप रैंकिंग की बात की जाए तो शहर स्थित मॉर्डन डीपीएस के छात्र आदित्य शर्मा को 51वां स्थान मिला है। वहीं एमवीएन अरावली हिल्स के रचित कुमार की ऑल इंडिया रैंकिंग 76 है। सभी सफल छात्रों के घरों पर बधाइयां देने वालों का सुबह से ही तांता लगा हुआ है।
आईआईटी-जेईई परीक्षा में एमवीएन के छात्रों की धूम रही। यहां के होनहारों ने अपने स्कूल का ही नहीं बल्कि शहर का भी नाम रौशन किया है। एमवीएन अरावली हिल्स स्कूल के कुल 33 छात्रों को सफलता मिली है। इसी स्कूल के आदित्य वेंकटेश की ऑल इंडिया रैंकिंग 1419, हिमांशु ठाकुर की ऑल इंडिया रैंकिंग 1754 व एम मोहित मीना की रैंकिंग 339 रही। एमवीएन सेक्टर-17 स्कूल के 92 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इसमें हर्षित मदान ने 519, पुनीत मंगला ने ने 531, जनित चौहान 554, प्रियांशु गुप्ता 599, आशिम कुमार दूबे 655, प्रेक्षा गोयल 909, प्रभांशु सिंह 242, सिमरन चौधरी 273, सुप्रिया रंगा ने 568वीं रैंकिंग हासिल की है। एमवीएन के निदेशक जय प्रकाश गौड़ ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी। कहा कि जिस प्रकार से उन्होंने अपने संस्थान का नाम रौशन किया है उसी प्रकार से वह इंजीनियर बन राष्ट्र का नाम भी चमकाएं।
आईआईटी-जेईई में सफलता प्राप्त करने वाले अधिकतर प्रतिभागी फिटजी से हैं। ऑल इंडिया 51वीं रैंकिंग पाने वाले आदित्य ने कहा कि उनके स्कूल में उन्हें बेहतर शिक्षा मिली। जिसके कारण वह इस परीक्षा में सफल हो सके। 76वीं रैंकिंग वाले रचित का कहना है कि उनका बचपन से ही सपना था कि आईआईटी में सेलेक्ट हों। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता में फिटजी का भी भरपूर योगदान है।