संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण में विशेष तीव्रता (एसआईडब्ल्यू) अभियान के तहत 20 दिसंबर 2025 को व्यापक स्तर पर टीकाकरण गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान के अंतर्गत जिले में प्रस्तावित 147 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य उन बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना था, जो किसी कारणवश नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए थे। अभियान के दौरान 2011 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिनमें से 1913 बच्चों का टीकाकरण किया गया।
इसी तरह गर्भवती महिलाओं के लिए 369 का लक्ष्य तय किया गया था, जिसके तहत 354 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए गए। अभियान के दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विभिन्न श्रेणियों के टीके लगाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एमआर-1 के 289 डोज, एमआर-2 के 256 डोज, टीडी-10 के 164 डोज तथा टीडी-16 के 111 डोज लगाए गए। इन टीकों के माध्यम से खसरा-रूबेला, टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी बीमारियों से बचाव किया जाता है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और फील्ड स्टाफ ने टीकाकरण सत्रों के संचालन और लाभार्थियों की पहचान में सहयोग किया। टीमों द्वारा घर-घर संपर्क कर लोगों को टीकाकरण के बारे में जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को सत्र स्थलों तक लाया गया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे भी इस तरह के विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे, ताकि नियमित और छूटे हुए टीकाकरण को कवर किया जा सके।