बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जल्द जमा करें, आगे भी होगी सख्त कार्रवाई : निगमायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर एक सप्ताह तक चलाए गए मेगा सीलिंग अभियान के तहत सख्त कार्रवाई की है। निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों में 16 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक यह अभियान चलाया गया, जिसमें बड़े बकायेदारों की संपत्तियों को सील किया गया।
यह मेगा सीलिंग ड्राइव सभी जोनों में अतिरिक्त निगमायुक्त सलोनी शर्मा की देखरेख में संचालित की गई। अभियान के दौरान सभी क्षेत्रीय अधिकारियों और कर अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कुल 143 संपत्तियों को सील किया। निगम अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान के दौरान 3 करोड़ एक लाख 19 हजार 835 रुपये की डिफॉल्टिंग प्रॉपर्टी टैक्स राशि चिन्हित की गई। वहीं सीलिंग की कार्रवाई के दौरान बकायेदारों से मौके पर ही लगभग 54 लाख 49 हजार 686 रुपये की राशि वसूल की गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अन्य जोनों में भी बकाया टैक्स की वसूली को लेकर कार्रवाई लगातार जारी है। निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि जो संपत्ति मालिक जानबूझकर टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स समय रहते जमा करें, ताकि सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। साथ ही समय पर टैक्स जमा कर नगर निगम के विकास कार्यों में सहयोग करें।