फरीदाबाद। कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की मांग को लेकर मचने वाली मारामारी अब थम गई है। हालात ये हैं कि पिछले 15 दिनों से अस्पतालों की तरफ से मांग न के बराबर आ रही है। वहीं ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर फिलहाल दो सौ टन से ज्यादा ऑक्सीजन से भरे 14 टैंकर खड़े हुए हैं।
जीआरपी थाना से एसआई राजपाल ने बताया कि करीब सप्ताह भर पहले यहां 11 टैंकर थे। इसके बाद आठ टैंकर और आ गए। स्टेशन पर फिलहाल 19 टैंकर खड़े हैं। इसमें से 14 में ऑक्सीजन भरी हुई है। चार खाली हैं, जबकि एक टैंकर शुक्रवार को सीकरी स्थित एक अस्पताल में भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर अब टैंकरों को खड़े करने की भी जगह नहीं बची है। उच्चाधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है कि फिलहाल और टैंकर न भिजवाए जाए।
टैंकर चालकों ने उठाया था खाने की कमी का मुद्दा
करीब एक सप्ताह पहले टैंकर चालकों ने आरोप लगाया था कि उन्हें खाने के लिए खर्चा नही दिया जा रहा है। इस पर जीआरपी थाना प्रभारी सूरतपाल का कहना है कि ऑक्सीजन की मांग नहीं होने से रेलवे स्टेशन पर टैंकर खड़े हैं। इनमें से जब-जब भी किसी अस्पताल से टैंकर की मांग आती है, तो उसे अस्पताल भेज दिया जाता है। टैंकर चालकों ने भोजन एवं रहने व्यवस्था को लेकर सोमवार को आपत्ति भी दर्ज कराई थी। जिले में ओडिशा के राउरकेला व अंगुल से और दिल्ली कैंट में गुजरात से ऑक्सीजन पहुंच रही है। इन्हें ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिये लाया जा रहा है। मांग कम होने से 15 दिनों से टैंकर खड़े हुए हैं। दिल्ली कैंट से पहुंचे टैंकर के बारे में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए थे। इसके बावजूद सभी चालकों को भोजन एवं रहने के लिए जगह उपलब्ध कराई जा रही है।