गांव में विकसित हुआ नया सार्वजनिक स्थल, भूजल स्तर सुधारने और पर्यावरण संतुलन पर फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ग्राम बुढेना में 1.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तालाब का लोकार्पण किया गया। हनुमान मंदिर परिसर में विकसित इस तालाब के नवनिर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य से गांव में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई। यह परियोजना न केवल जल संरक्षण को मजबूत करेगी बल्कि गांव के सौंदर्यीकरण और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी बेहतर बनाएगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि तालाब और अन्य जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने इसे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संरक्षण के प्रयास ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से तालाब की साफ-सफाई और संरक्षण को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के समग्र विकास और पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।