बल्लभगढ़। केंद्रीय कृषि सुधार कानूनों के विरोध में पंजाब-हरियाणा के किसान ‘दिल्ली चलो’ मार्च को लेकर तीन दिन पहले बंद की गई चंडीगढ़ रूट बसों का पहिया चलना शुरू नहीं हुआ। यह रूट हरियाणा के पांच जिलों के साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब जैसे राज्यों को जोड़ता है। इन रूटों पर चलने वाली करीब 13 बसों की सेवाएं इन दिनों ठप हैं, इस कारण यात्री भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में यात्री बस स्टैंड से निराश लौटे, ज्यादातर को उम्मीद थी कि दो दिन बाद से सेवाएं बहाल होंगी।
ज्यादातर सवारियां टिकट बुकिंग के साथ बल्लभगढ़ बस स्टैंड से ही चलती हैं, ताकि बाद में सीट की अदला-बदली न हो। वे अपने गंतव्य पर आसानी से पहुंच सके। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि आगामी आदेश तक हरियाणा रोडवेज की बसेें इन रूटों पर नहीं दिखाई देंगी। इन रूटों पर बसों को चलाने के आदेश कब आएंगे, इसका स्पष्ट जवाब किसी के पास नहीं है। इन रूटों पर जाने वाली सवारियों की यहां लंबी फेहरिस्त है, जो यहां पूछताछ व बुकिंग टिकट खिड़की से वापस लौट रहे हैं।
बस ही था साधन, अब परेशानी हो रही
मुझे मेरे साले की शादी में परिवार के साथ हिमाचल स्थित ऊना जाना है। जहां 30 नवंबर को शादी है। मैं दो दिन से यहां आ रहा हूं, लेकिन बस के बारे में सही जानकारी न मिलने से परेशानी हो रही है।
पंकज शर्मा, निवासी अशोका इंक्लेव सेक्टर-35
मुझे जरूरी कार्य से गहरौढ़ा जाना है, जिसके लिए मैं दो दिन से पलवल से यहां आ रहा हूं लेकिन बस न चलने से घर लौट जाता हूं। बसा कब तक चलेगी इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है।
- शंकरलाल शर्मा, निवासी पलवल
मेरी बेटी के घर शादी है। इसलिए अंबाला पहुंचा जरूरी है। मैं यहां अपने बेटे के साथ यहां आई हूं लेकिन बताया गया कि इस रूट पर बस नहीं चल रही है। मेरे पास बस ही वहां पहुंचने का साधन है। बस के बारे में आगे की कोई सूचना नहीं है।
- गुड्डी देवी, निवासी बल्लभगढ़
इन रूटों पर फिलहाल नहीं चलेंगी बस
चंडीगढ़ रूट पर शाहाबाद, पानीपत, अंबाला, पीपली पंचकुला के अलावा हिमाचल, वैजनाथ, धर्मशाला, हमीपुर अमृतसर के साथ आईएसबीटी के लिए जाने वाली रोडवेज की बस सेवाएं बंद है ।
- ओम अधाना, ड्यूटी अधिकारी
आगामी आदेश के बाद चलेंगी बसें
किसान आंदोलन के चलते चंडीगढ़ रूट की बसों को बंद किया गया है। सवारियों को परेशानी न हो उसका ध्यान रखा जा रहा है। आदेश आते ही बसों को सुचारू रूप से चला दिया जाएगा।
राजीव नागपाल, महाप्रबंधक हरियाणा रोड