प्राचार्याें को कारण बताओ नोटिस जारी, संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर होगी विभागीय कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी 12वीं का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा। इस पर जिले के 12 राजकीय स्कूलों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस विभाग की ओर से जारी किया गया है। इसी प्रकार पलवल के भी 8 स्कूलों का परिणाम निराशाजनक रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर एक महीने का वेतन भी काटा जा सकता है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 13 मई को 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया गया था। फरीदाबाद मंडल के तीनों जिलों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। फरीदाबाद में करीब 11 हजार विद्यार्थियों ने बोर्ड की परीक्षा दी थी। इनमें से करीब नौ हजार विद्यार्थियों ने सफलता पाई थी। इनके अलावा कई विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट भी आई है। इसी तरह पलवल जिले से करीब 10201 बच्चों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। इनमें से 7731 परीक्षार्थी सफल और 1641 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है। वहीं 829 परीक्षार्थी फेल हुए हैं।
नूंह का परिणाम सबसे चिंता जनक रहा है। मालूम हो कि नूंह जिले से 7588 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से मात्र 3472 परीक्षार्थी हीं सफल हुए, जबकि 1758 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है। 2358 छात्र अनुत्तीर्ण रहे हैं, जोकि हरियाणा में विफल होने वाले परीक्षार्थियों की सबसे अधिक संख्या है।
पुनर्मूल्यांकन के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर करें आवेदन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार एवं सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि जो परीक्षार्थी परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे पुनः जांच व पुनर्मूल्यांकन के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से परीक्षा परिणाम घोषित होने की तारीख से 20 दिन के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 250 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका शुल्क लगेगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए 1000 रुपये एवं बीपीएल परीक्षार्थियों के लिए 800 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका व विषय शुल्क लगेगा।
वर्जन
जिले के कुछ स्कूलों में 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम संतोष जनक नहीं रहा है। इन स्कूल के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है।- अजीत कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी।