फरीदाबाद। बड़ौली पुल के निकट शनिवार सुबह गुरुग्राम नहर में एक किशोरी ने छलांग लगा दी। करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग की टीम ने पुलिस की मदद से शव बाहर निकाला। बीपीटीपी थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका की उम्र करीब 17 साल थी। वह परिवार के साथ सेक्टर-नौ बाइपास रोड किनारे किराये के मकान में रहती थी। परिजनों के मुताबिक वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी। किसी राहगीर ने किशोरी को नहर में छलांग लगाते हुए देखा और पुलिस को जानकारी दी। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। थाना बीपीटीपी प्रभारी श्री भगवान ने बताया परिजनों का कहना है बेटी का पैर फिसलने से वह नहर में गिर गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।