राहगीरी के लिए जिला उपायुक्त ने किया कमेटी का गठन
- प्रत्येक माह के पहले और तीसरे रविवार को आयोजित होगा राहगीरी कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला उपायुक्त अतुल कुमार द्विवेदी ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे रविवार को जिले में राहगीरी दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र दहिया चेयरमैन होंगे।
इस कमेटी में अन्य विभाग जिसमें नगर निगम के अतिरिक्त उपायुक्त, नगराधीश, एसडीएम फरीदाबाद, एसडीएम बड़खल, सिविल सर्जन, उपश्रमायुक्त, पुलिस विभाग, जिला वन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, सचिव मार्किट बोर्ड सदस्य होंगे। इसके अलावा रोजगार अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, सचिव रेडक्रॉस, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी के के साथ ही कुछ अन्य विभागों के अधिकारी सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि राहगीरी कार्यक्रम में सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके सभी अधिकारी व कर्मचारी इसमें अनिवार्य तौर पर हिस्सा लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि आगामी 5 अगस्त को एनआईटी-4 स्थित केंद्रीय विद्यालय-प्रथम पर राहगीरी दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य थीम वर्ल्ड सीनियर सिटीजन-डे होगा। इस बार राहगीरी दिवस में तीन किलोमीटर रेस, साईकिलिंग, बैडमिंटन, जुम्बा, योगा व सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि किए जाएंगे। उपायुक्त ने जनता से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच कर राहगीरी कार्यक्रम में भाग लें।
----
ब्यूरो