फरीदाबाद। गूगल सर्च के जरिये बैंक का कस्टमर केयर नंबर ढूंढ़ना बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 निवासी युवक को महंगा पड़ गया। ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली खाता अपडेट करने के बहाने उनके खाते से एक लाख 16 हजार रुपये साफ कर दिए। साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने पीड़ित भूपेंद्र कुमार मिश्रा की शिकायत पर जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भूपेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि वह अपने एनपीएस खाते में मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट कराने के लिए सेक्टर-दो स्थित एसबीआई बैंक गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने आगे की जानकारी के लिए गूगल पर बैंक का नंबर सर्च किया। जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल की तो वह कॉल साइबर ठगों को फॉरवर्ड हो गई। ठग ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर उनका विश्वास जीत लिया और एनपीएस अपडेट करने के लिए व्हाट्सएप पर एक फाइल एपीके फाइल भेजी। पीड़ित ने जैसे ही उस फाइल पर क्लिक किया उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। इसी बीच ठगों ने उनके खाते से दो बार में 95 हजार और 21 हजार रुपये (कुल 1.16 लाख रुपये) निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद