अगस्त के पहले सप्ताह में बढ़ सकती है कॉलेजों में सीट
- युवा आगाज संगठन की मांग पर उद्योग मंत्री ने की उच्च शिक्षा निदेशक से बात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उच्च शिक्षा में दाखिले से वंचित छात्रों के दर्द को महसूस कर उनकी लड़ाई लड़ रहा युवा आगाज संगठन विगत दो सप्ताह से कॉलेजों में 20 फीसदी सीटें बढ़ाने के लिए आंदोलन चला रहा है। मंगलवार को युवा आगाज संगठन के सदस्य उद्योग मंत्री विपुल गोयल से मिले और सीटें बढ़वाने की मांग की। इस पर उद्योग मंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशक से बात कर धरनारत लोगों को आश्वस्त किया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह से सीटें बढ़ जाएंगी।
युवा आगाज संगठन के महासचिव अजय डागर ने कहा कि सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में लगभग 30 हजार छात्र दाखिले के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन सीटों की कमी की वजह से 60-70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र भी दाखिले से वंचित रह जाते है। जिले के सबसे पुराने एवं बड़े सरकारी कॉलेज में शुमार पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज में छात्र दाखिले से वंचित रह जाते हैं। इसी को लेकर युवा आगाज संगठन ने उद्योगमंत्री विपुल गोयल के कार्यालय पर धरना दिया था। उन्होंने बताया कि उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने चंडीगढ़ उच्च शिक्षा निदेशक अनुराग अग्रवाल से बात की और इस समस्या का जल्द समाधान करने के लिए कहा। इसके बाद मंत्री गोयल ने छात्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में सीटें बढ़ जाएंगी। इस अवसर पर जसवंत पंवार, मनोज, चंद्रपाल, अर्जुन, गौरव, अमर, सोनू, ललित, नीरज और संजय आदि मौजूद रहे।