फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र निवासी और कृषि विभाग में कार्यरत अंकित कुमार से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 11.53 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये युवक को अपने जाल में फंसाया और भारी मुनाफे का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में लाखों रुपये जमा करवा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना एनआईटी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से मेरठ निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे। ग्रुप एडमिन के झांसे में आकर उन्होंने उनके बताए गए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (qlinapapxe.com) पर निवेश करना शुरू किया। अंकित ने 29 दिसंबर 2025 से 27 जनवरी 2026 के बीच 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से ठगों के बताए खातों में 11.53 लाख रुपये ट्रांसफर किए। जब उन्होंने अपनी जमा राशि और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो उन्हें पैसा निकालने नहीं दिया गया। संवाद